home page

16 नवंबर से नए स्वरूप में सेवाएं देगा एमएमसीएच, जीएमसीएच के कई विभाग होंगे स्थानांतरित

 | 
16 नवंबर से नए स्वरूप में सेवाएं देगा एमएमसीएच, जीएमसीएच के कई विभाग होंगे स्थानांतरित


गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने सोमवार को गुवाहाटी के पानबाजार स्थित नवनिर्मित महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल (एमएमसीएच) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अस्पताल 16 नवंबर से नए स्वरूप में सेवाएं देना शुरू करेगा।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के कई विभागों को एमएमसीएच में स्थानांतरित करने की योजना है। जीएमसीएच के पुनर्निर्माण को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे राज्य में चिकित्सा सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और अस्पताल की सेवाओं को अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

नवनिर्मित अस्पताल में चिकित्सकों के लिए आवासीय क्वार्टर की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. बाबुल बेजबरुवा, अधीक्षक डॉ. देबजीत चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश