home page

हैलाकांदी में किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या, नाबालिग समेत पांच हिरासत में

 | 
हैलाकांदी में किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या, नाबालिग समेत पांच हिरासत में


हैलाकांदी (असम), 02 अगस्त (हि.स.)। असम के हैलाकांदी जिले में नौवीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसमें एक नाबालिग भी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना बीती रात लगभग 11 बजे के आसपास काटलीचेरा पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले आलोइचेरा गांव में नेशनल हाईवे-6 के पास एक घर में हुई। आरोप है कि जब परिवार के सदस्य पास ही एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, तब हमलावर ने किशोरी के साथ रेप किया और फिर सबूत मिटाने के लिए उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ईंटों से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हैलाकांदी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे आगे पूछताछ की जा रही है। यह भी पता चला है कि हिरासत में लिए गये लोगों में से एक नाबालिग है।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे-6 को जाम कर दिया। असम और मिजोरम को जोड़ने वाले इस अहम रास्ते पर कई गाड़ियां घंटों तक फंसी रहीं। प्रदर्शनकारी दोषियों के लिए कड़ी सजा, मौत की सजा और मामले की जल्द सुनवाई की मांग कर रहे हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश