एसएसबी प्रथम वाहिनी मुख्यालय सोनापुर में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में साेमवार काे आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर सुरक्षा विषय पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्मिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के संबंध में जानकारी प्रदान करना था।
प्रतियोगिता में वाहिनी मुख्यालय के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा निबंध लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से साइबर सुरक्षा से संबंधित अपने ज्ञान, विचारों एवं जागरूकता का प्रदर्शन किया।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन से कार्मिकों में साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

