home page

युवक से मारपीट के आरोप में गुवाहाटी के पुलिस अधिकारी के खिलाफ जांच का आदेश

 | 
युवक से मारपीट के आरोप में गुवाहाटी के पुलिस अधिकारी के खिलाफ जांच का आदेश


गुवाहाटी, 30 मई, (हि.स.)। गुवाहाटी के सतगांव थाना में तैनात पुलिस अधिकारी जयंत राजखोवा के खिलाफ एक युवक से कथित दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। आरोप है कि अधिकारी ने बिना किसी उचित कारण के राजधानी की सड़क पर एक युवक की सार्वजनिक रूप से पिटाई की।

पीड़ित युवक के अनुसार, यह घटना चार दिन पहले हुई थी। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने युवक काे रास्ते में रोककर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, धमकाया और उसके साथ मारपीट की। युवक ने दावा किया कि अधिकारी ने उसे यह कहकर डराने की कोशिश की कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसका एनकाउंटर कर दिया जाएगा।

मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिकारी ने सड़क पर युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज और शिकायत सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

पीड़ित ने घटना के संबंध में सतगांव थाना में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना को लेकर विभिन्न सामाजिक और नागरिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश