गुवाहाटी में भारी बारिश का पूर्वानुमान, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
गुवाहाटी, 25 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी में आगामी तीन-चार दिनों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने गुवाहाटी महानगर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली-कड़कने और लगातार बारिश की पूर्वसूचना जारी की है। बारिश की मात्रा 24 घंटे में 7.20 सेंटीमीटर होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम की भविष्यवाणी के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में गुवाहाटी के विभिन्न स्थानों पर बिजली कड़कने और भारी बारिश तथा तूफान आने की प्रबल संभावना है। इसके परिणामस्वरूप शहर में कृत्रिम बाढ़ की समस्या बढ़ने से यातायात प्रभावित हो सकता है और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय रूप से भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
गुवाहाटी नगर निगम और असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहे हैं और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्थाओं को तैयार रखा है।
वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गुवाहाटी के सभी नागरिकों से आवश्यक सतर्कता बरतने और सावधान रहने की अपील की है। दैनिक यात्रा करने वाले लोग और लंबी दूरी के यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि लगातार बारिश के समय गैर-जरूरी आवागमन से बचें और अपने दैनिक काम-काज की योजना बनाएं। निचले इलाकों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों से बाढ़ या भू-स्खलन के किसी भी लक्षण के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया गया है।
परिस्थिति की ताज़ा जानकारी एएसडीएमए की आधिकारिक वेबसाइट https://asdma.assam.gov.in/resource/assam-weather-forecast और सभी सोशल मीडिया हैंडल पर समय-समय पर जनता की जागरूकता के लिए अपडेट की जाएगी। इसलिए, जनता से आह्वान किया गया है कि वे सरकारी मौसम अपडेट पर ध्यान दें और इस लंबे वर्षा मौसम में सुरक्षित रहने के लिए स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

