home page

गुवाहाटी के तीन इलाकों से तीन तस्कर गिरफ्तार, ड्रग्स बरामद

 | 
गुवाहाटी के तीन इलाकों से तीन तस्कर गिरफ्तार, ड्रग्स बरामद


गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के तीन अलग-अलग इलाकों में ड्रग्स-विरोधी अभियान के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि ड्रग्स के विरूद्ध अभियान सरकार के कड़े दिशा-निर्देश के तहत पूरे राज्य में चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुवाहाटी में फटासिल आमबारी पुलिस ने ड्रग्स-विरोधी अभियान के दौरान एक कथित ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया और उसके पास से 11.75 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन ज़ब्त किया। यह अभियान आमबारी तीनिआली के पास चलाया गया, जहां पुलिस ने खास जानकारी के आधार पर आरोपित को पकड़ा। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गुवाहाटी के काटाबारी निवासी राजा प्रसाद शाह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से संदिग्ध हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया। मामला दर्ज कर लिया गया है।

एक अन्य अभियान में गुवाहाटी पुलिस द्वारा चलाए गए ड्रग्स-विरोधी अभियान के दौरान एक संदिग्ध ड्रग्स तस्कर को 9 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने एक स्कूटर और एक मोबाइल फोन भी ज़ब्त किया, जिनके बारे में माना जा रहा है कि इनका इस्तेमाल कथित ड्रग तस्करी की गतिविधियों में किया गया था। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

इसी दौरान गुवाहाटी पुलिस के तहत सातगांव पुलिस स्टेशन की एक टीम ने पंजाबारी इलाके में ड्रग्स-विरोधी अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.7 ग्राम वज़न की संदिग्ध ब्राउन शुगर की छह शीशियां बरामद की गईं। आरोपित की पहचान शुभम सोनार के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियान के दौरान संदिग्ध नशीला पदार्थ ज़ब्त किया और उसे हिरासत में ले लिया। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने कहा कि संदिग्ध नशीले पदार्थों के स्रोत का पता लगाने और व्यापक ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से किसी भी जुड़ाव की पहचान करने के लिए सघन जांच चल रही है। उपरोक्त गिरफ़्तारियां गुवाहाटी पुलिस द्वारा शहर भर में तेज़ छापेमारी और प्रवर्तन अभियानों के ज़रिए अवैध ड्रग्स के कारोबार के ख़िलाफ़ की जा रही कार्रवाई का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय