पूर्वी क्षेत्र में बीआरओ के मुख्य अभियंताओं का कार्य सम्मेलन गुवाहाटी में आयोजित
गुवाहाटी, 30 अप्रैल (हि.स.)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के पूर्वी क्षेत्र के सभी परियोजनाओं के मुख्य अभियंताओं का दो दिवसीय कार्य सम्मेलन 28 और 29 अप्रैल को गुवाहाटी में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सेना के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि सम्मेलन की अध्यक्षता अतिरिक्त महानिदेशक सीमा सड़क (पूर्व) जितेंद्र प्रसाद ने की।
सम्मेलन में पूर्वी क्षेत्र की बीआरओ परियोजनाओं के सभी सात मुख्य अभियंताओं के साथ इंजीनियर बेस वर्कशॉप (ईबीडब्ल्यू) के कमांडेंट ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य चालू वित्तीय वर्ष के लिए कार्य-योजना पर विचार-विमर्श करना और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रभावी रणनीतियां तैयार करना था।
सम्मेलन के दौरान संचालन दक्षता बढ़ाने, संसाधनों के समुचित उपयोग और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही, कार्यान्वयन की समय-सीमा में सुधार और परियोजनाओं की समग्र गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को अपनाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक (पूर्व) ने सभी चल रही और आगामी परियोजनाओं में उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए कार्यों की गति बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना न केवल संचालनात्मक प्रभावशीलता के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे जनविश्वास और संगठन की विश्वसनीयता भी सुदृढ़ होती है।
सम्मेलन का समापन उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के स्पष्ट संकल्प के साथ हुआ। इस बैठक से चल रही परियोजनाओं को नई गति मिलने और राष्ट्र निर्माण में बीआरओ की प्रतिबद्धता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

