गुवाहाटी में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, 26 तस्कर और नशा सेवनकर्ता गिरफ्तार
गुवाहाटी, 31 मई, (हि.स.)। गुवाहाटी महानगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में मादक पदार्थ तस्कर और नशा सेवन करने वाले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पलटन बाजार से लेकर कामाख्या रेलवे स्टेशन तक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में गुवाहाटी पुलिस ने सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान आरोपितों के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ भी बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य सरकार और असम पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। गुवाहाटी समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।
असम पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिले तो वे निकटतम पुलिस थाने, पुलिस हेल्पलाइन या असम पुलिस के नागरिक पोर्टल के माध्यम से इसकी सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

