home page

'राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली' को पुलिस महानिदेशक ने किया 'फ्लैग ऑफ'

 | 
'राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली' को पुलिस महानिदेशक ने किया 'फ्लैग ऑफ'


गुवाहाटी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस, 2026 के अवसर पर असम पुलिस की पहल और उत्तर-पूर्वी राज्यों की पुलिस के सहयोग से असम से गुजरात के एकता नगर तक यात्रा करने वाली 'राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली' का शनिवार काे 'फ्लैग ऑफ' असम पुलिस के महानिदेशक हरमीत सिंह ने किया।

चौथे असम पुलिस बटालियन मुख्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में फ्लैग ऑफ करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि रैली में भाग लेने वाले सभी लोग राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस रैली के जरिए असम और उत्तर-पूर्व क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और अखंडता को और मजबूत किया जा सकेगा।

मीडिया के साथ हुई बातचीत में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देश भक्तिपूर्ण संदेश को जनसाधारण के बीच फैलाने के साथ-साथ अवैध पदार्थों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना भी इस रैली का मुख्य उद्देश्य है।

इस रैली में असम के 9 लोगों सहित अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और त्रिपुरा के कुल 63 पुलिसकर्मी शामिल हुए हैं। आज के इस कार्यक्रम में पुलिस, सीआरपीएफ के उच्च अधिकारियों के अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्ध खिलाड़ी लवलीना बोरगोहाईं भी मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय