असम में सात पुलिस अधिकारियों का तबादला, होटल विलास इन हत्याकांड के बाद सेंट्रल पुलिस जिले में तीन बदलाव
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। असम सरकार ने राज्य के सात आईपीएस और असम पुलिस सेवा (एपीएस) अधिकारियों का तबादला कर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राज्यपाल के आदेश पर शनिवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। खास बात यह है कि गुवाहाटी के केंद्रीय पुलिस जिले में हाल ही में हुए होटल विलास इन के सामूहिक हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन में तीन महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
अधिसूचना के अनुसार, गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट की केंद्रीय पुलिस जिला की उपायुक्त (डीसीपी) शांभवी मिश्रा (आईपीएस, आरआर-2019) को कछार जिले के सिलचर स्थित छठी असम पुलिस बटालियन (एपीबीएन), कठाल का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। वह डॉ. प्रदीप सैकिया का स्थान लेंगी।
लचित बरफूकन पुलिस अकादमी, देरगांव, गोलाघाट के प्रधान मृणाल डेका (एपीएस, डीआर-2004) को गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट का केंद्रीय पुलिस जिला उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
छठी एपीबीएन के कमांडेंट डॉ. प्रदीप सैकिया (एपीएस, डीआर-2010) को असम पुलिस मुख्यालय, उलुबाड़ी, गुवाहाटी में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
कछार जिले के लखीपुर के सह-जिला पुलिस अधीक्षक पृथ्वीराज राजखोवा (एपीएस, डीआर-2016) को गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय) नियुक्त किया गया है। वह विकू एल. अचुमी का स्थान लेंगे।
गुवाहाटी के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय) विकू एल. अचुमी (आईपीएस, आरआर-2022) को बरपेटा जिले के हाउली स्थित 28वीं एपीबीएन का सेकेंड-इन-कमांड नियुक्त किया गया है।
गुवाहाटी के पानबाजार के सहायक पुलिस आयुक्त पार्थ प्रतिम दुवरा (एपीएस, डीआर-2021) को शिवसागर के लिगिरिपुखुरी स्थित प्रथम एपीबीएन का सहायक कमांडेंट नियुक्त किया गया है।
वहीं, प्रथम कमांडो बटालियन, मांदाकाटा के पुलिस उपाधीक्षक ऋषव फूकन (एपीएस, डीआर-2024) को गुवाहाटी के पानबाजार का सहायक पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह पार्थ प्रतिम दुवरा का स्थान लेंगे।
सभी तबादले संबंधित अधिकारियों द्वारा नया कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगे।
उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी के होटल विलास इन में हाल ही में हुए सामूहिक हत्याकांड में पांच लोगों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद केंद्रीय पुलिस जिले के पुलिस प्रशासन में किए गए तीन बदलावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

