home page

असम सरकार ने 34 मृत संविदा कर्मचारियों के परिवारों को दिए 1.70 करोड़ रुपये

 | 
असम सरकार ने 34 मृत संविदा कर्मचारियों के परिवारों को दिए 1.70 करोड़ रुपये


गुवाहाटी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। असम सरकार ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास (पीएंडआरडी) विभाग के 34 मृत संविदा कर्मचारियों के परिजनों को कुल 1.70 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की है। विभागीय मंत्री अतुल बोरा ने शुक्रवार को गुवाहाटी के पंजाबाड़ी स्थित विभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा।

राज्य सरकार की अनुग्रह सहायता योजना के तहत सेवा में रहते हुए निधन होने वाले संविदा कर्मचारियों के निकटतम् परिजनों को एकमुश्त पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में संविदा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस अवसर पर मंत्री अतुल बोरा ने कहा कि किसी प्रियजन को खोने के दुख की भरपाई आर्थिक सहायता से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि दिवंगत कर्मचारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अभिन्न अंग थे और उनके निधन से उनके परिवारों के साथ विभाग को भी क्षति हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सहायता शोकाकुल परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करेगी और आगे की परिस्थितियों का सामना करने में मददगार साबित होगी।

मंत्री ने दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को विभाग की ओर से समय-समय पर विज्ञापित संविदा पदों के लिए आवेदन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस पहल का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व को देते हुए कहा कि यह जरूरत के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

विभाग के अनुसार, एक जनवरी, 2011 से अब तक मृत संविदा कर्मचारियों के 150 परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी जा चुकी है।

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सचिव पुष्पांजलि दास, आयुक्त ओइनम सारणकुमार सिंह, वरिष्ठ अधिकारी और दिवंगत कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश