home page

बाढ़ पीड़ितों के परिजनों को 4 लाख की अनुग्रह राशि देगी असम सरकार : मुख्यमंत्री

 | 
बाढ़ पीड़ितों के परिजनों को 4 लाख की अनुग्रह राशि देगी असम सरकार : मुख्यमंत्री


सोनारी (असम), 22 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को सोनारी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर घोषणा की कि बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से फिलहाल तत्काल चार लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले चरण में और भी कुछ इन्हें दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि जिला प्रशासन के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ गांवों तक अब भी राहत सामग्री नहीं पहुंच पाई है, क्योंकि वहां तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है।

उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में हवाई मार्ग से भी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है, लेकिन प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक सीधे हवाई माध्यम से सहायता पहुंचाना व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है ताकि सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द राहत सामग्री पहुंचाई जा सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश