बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए वैकल्पिक खेती की योजना बनाएगी असम सरकार: पीयूष हजारिका
गुवाहाटी, 01 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार शिवसागर जिले में बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए वैकल्पिक खेती की योजना तैयार कर रही है। कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शिवसागर जिले में बाढ़ से करीब एक लाख परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि 60 हजार परिवारों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसान इस वर्ष धान की खेती नहीं कर पाएंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों की आजीविका बनाए रखने के लिए राज्य सरकार वैकल्पिक खेती की व्यवस्था करेगी। कृषि विभाग किसानों को फलदार पौधे उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। इसके साथ ही रबी फसलों की खेती के लिए भी आवश्यक सहायता और व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाने के साथ उन्हें वैकल्पिक कृषि के माध्यम से आर्थिक रूप से फिर से सक्षम बनाना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

