असम के राज्यपाल ने शिलांग में 11वें 'पैन-आईआईएम वर्ल्ड मैनेजमेंट कॉन्फ्रेंस' में लिया हिस्सा
- नैतिक नेतृत्व, सतत विकास और समावेशी विकास का किया आह्वान
- उद्यमिता और क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देने में आईआईएम की भूमिका पर जोर दिया
गुवाहाटी, 27 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शुक्रवार काे मेघालय की राजधानी शिलांग में आयोजित 11वें 'पैन-आईआईएम वर्ल्ड मैनेजमेंट कॉन्फ्रेंस' में हिस्सा लिया। राष्ट्र निर्माण के लिए सतत और समावेशी विकास को बढ़ावा देना विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में भारत और विदेशों के प्रख्यात शिक्षाविद, नीति-निर्माता, शोधकर्ता और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर मेघालय उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे भी उपस्थित थीं।
इस मौके पर राज्यपाल ने इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन के लिए आईआईएम शिलांग और इसके सहयोगी संस्थानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रबंधन केवल संस्थागत दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मूल उद्देश्य संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग, त्वरित निर्णय लेना और व्यापक सामाजिक लक्ष्यों को प्राप्त करना है। भारत के प्राचीन ज्ञान का उल्लेख करते हुए, उन्होंने आचार्य चाणक्य के 'अर्थशास्त्र' और प्रजा सुखे सुखं राज्ञः (प्रजा के सुख में ही राजा का सुख है) के सिद्धांत को याद दिलाया और इस बात पर जोर दिया कि शासन के केंद्र में हमेशा जन-कल्याण होना चाहिए।
सतत और समावेशी विकास के महत्व को रेखांकित करते हुए, राज्यपाल ने कहा कि 2047 तक 'विकसित भारत' बनने के भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए, प्रबंधन संस्थानों को ऐसे नैतिक नेताओं को तैयार करना होगा, जिनमें वैश्विक दृष्टिकोण के साथ-साथ भारतीय मूल्य भी समाहित हों। उन्होंने कहा कि देश भर में मौजूद 21 आईआईएम भविष्य के नेताओं को तैयार करने, भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
राज्यपाल ने विशेष रूप से पूर्वोत्तर के स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय उद्योगों की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने असम के मूगा सिल्क, असम की चाय, गामोछा और जुडिमा, मेघालय की लाकाडोंग हल्दी जैसे जीआई टैग वाले उत्पादों और इस क्षेत्र की अन्य विशिष्ट वस्तुओं का जिक्र करते हुए कहा कि गुणवत्ता, ब्रांडिंग, आधुनिक पैकेजिंग, मार्केटिंग और निर्यात के अवसरों पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आईआईएम स्थानीय उद्यमियों, किसानों और कारीगरों को व्यापक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में एक परिवर्तनकारी भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं से नौकरी खोजने वाले के बजाय नौकरी देने वाले (जॉब क्रिएटर) बनने का आह्वान करते हुए, उन्होंने उद्यमिता, कौशल विकास और शैक्षणिक संस्थानों तथा उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सतत विकास में पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक सामुदायिक ज्ञान को शामिल करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस संदर्भ में, उन्होंने मेघालय के 'मावफलांग सेक्रेड ग्रोव' का उदाहरण दिया, जो समुदाय के नेतृत्व में जैव विविधता संरक्षण का एक प्रेरणादायक मॉडल है।
राज्यपाल ने प्रबंधन शिक्षा और क्षेत्रीय विकास में आईआईएम शिलांग के योगदान की सराहना की, विशेष रूप से 'डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च एंड एनालिसिस' के माध्यम से किए गए कार्यों के लिए। उन्होंने सम्मेलन के साथ आयोजित हो रहे 'पूर्वा 2026' के महत्व को भी रेखांकित किया। यह पहल पूर्वोत्तर के विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में मौजूद इनक्यूबेशन सेंटरों को आपस में जोड़ती है, जिससे उभरते उद्यमियों को मेंटरशिप, तकनीकी सहायता, निवेशकों तक पहुंच और बाजार से जुड़ने के अवसर मिलते हैं।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि यह तीन दिवसीय सम्मेलन प्रबंधन शिक्षा और सतत विकास के प्रति नए दृष्टिकोण प्रदान करेगा। उन्होंने सम्मेलन की सफलता और इसमें भाग लेने वाले सभी लोगों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में आईआईएम शिलांग के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन शिशिर कुमार बजोरिया, आईआईएम कलकत्ता के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर एम. जगदीश कुमार, आईआईएम शिलांग के निदेशक प्रोफेसर अरूप मोहन शेरी, विभिन्न आईआईएम के निदेशक, शिक्षाविद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

