स्काउट्स एवं गाइड्स के 76वें स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने युवाओं से किया संवाद
गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के मुख्य संरक्षक लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शनिवार को संगठन के 76वें स्थापना दिवस के अवसर पर लोक भवन में कामरूप (महानगर) जिला संघ के युवा स्काउट्स एवं गाइड्स सदस्यों के साथ संवाद किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने स्काउट्स एवं गाइड्स के बैज का उद्घाटन किया तथा संगठन और उसके सदस्यों के कल्याण के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और समाज सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन भविष्य में भी युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ एकता और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को मजबूत करता रहेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

