असम के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, दुर्गा पूजा और दशहरा की शुभकामनाएं दीं
गुवाहाटी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें दुर्गा पूजा तथा दशहरा के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के साथ मंगोलिया की अपनी हालिया यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने असम के लोक भवन की ओर से युवाओं के कल्याण, राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने तथा युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रमुख पहलों की जानकारी भी दी।
आचार्य ने विशेष रूप से ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ और ‘नमो मातृभूमि सुरक्षा एवं स्वावलंबन संकल्प सप्ताह’ जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
राज्यपाल ने मार्गदर्शन और महत्वपूर्ण संवाद के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

