असम के डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्यपाल ने एनडीआरआई की विशेषज्ञता मांगी
गुवाहाटी, 27 अगस्त (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) के निदेशक डॉ. धीर सिंह से मुलाकात कर असम के डेयरी क्षेत्र को आधुनिक, तकनीक आधारित और किसान केंद्रित बनाने के लिए संस्थान की विशेषज्ञता मांगी।
राज्यपाल ने दुग्ध सहकारिता, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास, वैज्ञानिक हस्तक्षेप और बेहतर बाजार संपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने एनडीआरआई विशेषज्ञों से असम के डेयरी क्षेत्र का व्यापक अध्ययन कर सुधार के लिए तकनीकी सुझाव देने का अनुरोध किया।
उन्होंने विशेषज्ञों के असम दौरे तथा ग्रामीण युवाओं को डेयरी क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि एनडीआरआई असम के डेयरी क्षेत्र के विकास में दीर्घकालिक ज्ञान साझेदार बनेगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

