home page

असम के राज्यपाल ने 14वें भारतीय सामाजिक कार्य सम्मेलन का किया उद्घाटन

 | 
असम के राज्यपाल ने 14वें भारतीय सामाजिक कार्य सम्मेलन का किया उद्घाटन


गुवाहाटी, 2 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सोमवार को गुवाहाटी के सोनापुर स्थित असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय के तेपेसिया परिसर में 14वें भारतीय सामाजिक कार्य सम्मेलन (आईएसडब्ल्यूसी) 2026 का उद्घाटन किया।

तीन दिवसीय यह सम्मेलन 2 से 4 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग ने भारत में पेशेवर सामाजिक कार्यकर्ताओं के राष्ट्रीय संघ (एनएपीएसडब्ल्यूआई) के सहयोग से किया है।

इस वर्ष सम्मेलन का विषय 'कल्याण से खुशहाली की ओर : विकसित भारत 2047 के लिए सामाजिक कार्य पद्धतियों की नई परिकल्पना' है। इसमें देश-विदेश के 300 से अधिक शिक्षाविद, शोधकर्ता, नीति निर्माता और सामाजिक कार्य पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब समाज के सबसे कमजोर वर्गों को सम्मान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित हो। उन्होंने कल्याण आधारित सहायता से आगे बढ़कर सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छह विशिष्ट व्यक्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान सम्मेलन की स्मारिका, सार-संग्रह पुस्तक तथा सामाजिक कार्य शिक्षा और व्यवहार में प्रौद्योगिकी के नैतिक उपयोग से संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश