96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी फणीधर गोगोई से मिले असम के राज्यपाल, किया सम्मानित
डिब्रूगढ़ (असम), 21 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सोमवार को डिब्रूगढ़ के कोनवारीगांव स्थित 96 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षाविद और स्वतंत्रता सेनानी फणीधर गोगोई के आवास पर पहुंचकर उन्हें ‘राज्यपाल असम वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ पहल के तहत सम्मानित किया।
राज्यपाल ने फणीधर गोगोई को पारंपरिक असमिया गमछा, 51,000 रुपये का चेक, सेलेंग सादर, शॉल, धोती, छाता और फलों की टोकरी भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र और समाज के प्रति गोगोई के दीर्घकालीन योगदान की सराहना की।
आचार्य ने कहा कि शिक्षक और स्वतंत्रता सेनानी के रूप में फणीधर गोगोई का जीवन समर्पण, परिश्रम और अनुशासन का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान उस पीढ़ी के मूल्यों और संघर्षों के प्रति सम्मान प्रकट करना है, जिसने राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राज्यपाल ने फणीधर गोगोई के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

