असम के राज्यपाल ने की जनगणना-2027 की स्व-गणना, लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील
गुवाहाटी, 04 अगस्त (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मंगलवार को लोक भवन में ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल के माध्यम से जनगणना-2027 के लिए अपनी स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) पूरी की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के लोगों से देश की इस महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
राज्यपाल ने स्व-गणना प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल बताते हुए कहा कि इसे कुछ ही मिनटों में आसानी से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल सुविधा नागरिकों को अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ सटीक और विश्वसनीय राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार करने में योगदान देने का अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना प्रभावी योजना निर्माण, सुशासन और सार्वजनिक सेवाओं के समान वितरण की आधारशिला है। सटीक जनगणना आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के संतुलित आवंटन तथा साक्ष्य-आधारित विकास नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने असम के सभी पात्र नागरिकों से 16 अगस्त 2026 तक अपने और अपने परिवार के सदस्यों की स्व-गणना पूरी करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने 17 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलने वाली घर-घर गणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और सहकर्मियों को भी जनगणना-2027 में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर निदेशक-सह-मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी बिस्वजीत पेगू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

