home page

लोक भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों के साथ राज्यपाल ने मनाई दीपावली

 | 
लोक भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों के साथ राज्यपाल ने मनाई दीपावली


गुवाहाटी, 06 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शुक्रवार को लोक भवन में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके बच्चों के साथ दीपावली पूर्व समारोह मनाया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोशनी का यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन सभ्यतागत परंपराओं में गहराई से जुड़ा दीपावली का पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन में वास्तविक प्रकाश केवल घरों में दीप जलाने से नहीं, बल्कि अपने हृदय में सत्य, करुणा, धर्मनिष्ठा और निःस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों को अपनाने से आता है।

समारोह के तहत लोक भवन के बच्चों के लिए 'लोक भवन असम के पहल-नवदीप विकसित भारत के निर्माण में' विषय के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राज्यपाल ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनकी भागीदारी और उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच मिठाइयां भी वितरित की गईं। इससे उत्सव का माहौल और उल्लासपूर्ण हो गया। समारोह के माध्यम से दीपावली से जुड़े आपसी स्नेह, सहयोग, साझेदारी और एकजुटता के संदेश को भी प्रोत्साहित किया गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश