गुवाहाटी में ‘लौहपुरुष राष्ट्रीय एकात्मता पुरस्कार’ समारोह में राज्यपाल शामिल
गुवाहाटी, 01 मार्च (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार काे गुवाहाटी स्थित लोहिया लाइंस गुवाहाटी ऑडिटोरियम में भारत भारती द्वारा आयोजित ‘लौहपुरुष राष्ट्रीय एकात्मता पुरस्कार’ वितरण समारोह में भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने इस आयोजन को एकता, राष्ट्रीय भावना और सामूहिक संकल्प का उत्सव बताया। पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर दिए जाने वाले सम्मान हमें भारत की एकता और अखंडता में उनके अद्वितीय योगदान की याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के समय जब देश राजनीतिक विखंडन की चुनौती का सामना कर रहा था, तब सरदार पटेल के साहस, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प ने 500 से अधिक रियासतों के एकीकरण को संभव बनाया और एक मजबूत एवं एकजुट भारत की नींव रखी।
राज्यपाल ने कहा कि एकता केवल भौगोलिक सीमाओं का मेल नहीं, बल्कि मनों का सामंजस्य है, जो भाषा, धर्म, संस्कृति और क्षेत्रीय भिन्नताओं से ऊपर उठकर समाज को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि भारत की स्थायी शक्ति उसकी ‘विविधता में एकता’ की परंपरा में निहित है। सर्वे भवन्तु सुखिनः और वसुधैव कुटुंबकम् जैसे आदर्शों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये मूल्य राष्ट्र को समावेशी और करुणामय दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि असम विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है, जिसमें सामाजिक संगठनों और समर्पित नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान है।
सार्वजनिक सेवा को एक महान कार्य बताते हुए राज्यपाल ने युवाओं से सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन के मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने भारत भारती के राष्ट्रीय एकीकरण, सांस्कृतिक सद्भाव और देशभक्ति के मूल्यों के प्रसार के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय पत्राले, राष्ट्रीय सचिव रुद्र नारायण तिवारी, ट्रस्ट अध्यक्ष सुभाष धवन, ईशान भारती के अध्यक्ष भास्कर दत्ता गोस्वामी, संयोजक शोभन व्यास सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

