home page

10 लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए पूर्व अधिकारी की पेंशन और ग्रेच्युटी स्थायी रूप से जब्त

 | 

गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। असम सरकार ने 10 लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए पूर्व सरकारी अधिकारी हेमंत कुमार तालुकदार की पूरी पेंशन और ग्रेच्युटी स्थायी रूप से रोकने का आदेश दिया है। विभागीय जांच में भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप साबित होने के बाद राज्य सरकार ने यह कार्रवाई की है।

तालुकदार दरंग जिले के जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र (डीआई एंड सीसी) में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें 24 मई, 2022 को असम पुलिस के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था।

आरोप था कि उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत ऋण आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगी थी।

विभागीय कार्यवाही के दौरान आरोप प्रमाणित होने के बाद असम सेवा (पेंशन) नियम, 1969 के तहत उनकी पूरी पेंशन और ग्रेच्युटी स्थायी रूप से रोकने का दंड लगाया गया है। तालुकदार 31 दिसंबर, 2022 को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे।

इस मामले में आपराधिक मुकदमा कामरूप महानगर के विशेष न्यायाधीश की अदालत में लंबित है। मामला विशेष भ्रष्टाचार केस संख्या 9/2024 के रूप में दर्ज है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश