home page

धेमाजी के जोनाई क्षेत्र में बाढ़ प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है असम सरकार : मुख्यमंत्री

 | 
धेमाजी के जोनाई क्षेत्र में बाढ़ प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है असम सरकार : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 30 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से आई अनियंत्रित जलधारा के कारण धेमाजी जिले के वृहत्तर जोनाई क्षेत्र में भीषण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। इस प्राकृतिक आपदा से कई गांवों में व्यापक नुकसान हुआ है और अनेक परिवार कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि तेलाम, मिसामोरा और रामधन दिखारी ग्राम पंचायतों के अंतर्गत मधुपुर, अरुण चापोरी, जामुगुड़ी सियारी, नंबर-2 उलुवानी, माजगांव तथा नंबर-2 और नंबर-3 मलान गांव बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण लोगों के घर, कृषि भूमि और आजीविका पर गहरा असर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। सरकार और जिला प्रशासन राहत, पुनर्वास तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और कई जरूरी कदम पहले ही उठाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग, साहस और संवेदनशीलता से इस संकट पर जल्द ही काबू पाया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश