जुबीन गर्ग हत्याकांड की जांच सही दिशा में, असम सरकार ने अपनाया अलग रास्ता : मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 26 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि जुबीन गर्ग हत्याकांड की जांच के मामले में असम सरकार सही दिशा में आगे बढ़ी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंगापुर और असम की जांच प्रक्रिया पूरी तरह अलग रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सिंगापुर की जांच पर ही निर्भर रहा जाता, तो जुबीन गर्ग के न्याय की प्रक्रिया आज ही समाप्त हो गई होती। उन्होंने कहा कि असम में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने स्वतंत्र और ठोस आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
डॉ. सरमा के अनुसार, एसआईटी की जांच में यह सामने आया कि पीड़ित को योजनाबद्ध और उद्देश्यपूर्ण तरीके से शराब पिलाकर पानी में डुबोया गया था। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी मजबूत जांच के कारण सरकार जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने में सफल होगी।
मुख्यमंत्री ने बीती रात एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि असम सरकार निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित जांच के माध्यम से न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

