भूपेन हजारिका शताब्दी समापन समारोह के लिए असम सरकार ने लॉन्च किया पंजीकरण पोर्टल
गुवाहाटी, 06 नवंबर (हि.स.)। असम सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के भव्य समापन कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए एक ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल लॉन्च किया है। यह कार्यक्रम आगामी 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को दिसपुर स्थित लोक सेवा भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान 'डॉ. भूपेन हजारिका शताब्दी समारोह' पोर्टल को लॉन्च किया। पंजीकरण की प्रक्रिया 28 नवंबर तक खुली रहेगी, जबकि आवेदक 12 नवंबर से अपने पंजीकरण पास डाउनलोड कर सकेंगे।
घोषित व्यवस्थाओं के अनुसार, पंजीकरण प्रक्रिया के हिस्से के रूप में आवेदकों का पृष्ठभूमि सत्यापन किया जाएगा। इस समापन समारोह का आयोजन भारत सरकार और असम सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह के दौरान, प्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर को 'डॉ. भूपेन हजारिका पुरस्कार' से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में श्रेया घोषाल, शंकर महादेवन, अंगराग 'पापोन' महंत, कविता कृष्णमूर्ति, एल. सुब्रमण्यम और महालक्ष्मी अय्यर सहित कई जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इसके अलावा, असम के प्रमुख कलाकार भी इसमें हिस्सा लेंगे, जिनमें तराली सरमा, मौसुमी सहारिया, आनंदिता पॉल, जुबली बरुवा, नाहिद आफरीन, शंकुराज कोंवर, रूपम भुइयां, दिक्शु सरमा, डावर हजारिका, मयूर हजारिका और अचूर्य बोरपात्रा शामिल हैं।
एक अन्य महत्वपूर्ण पहल के तहत, असम सरकार राज्य के लगभग 1,000 छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। नई दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए, असम के विभिन्न कॉलेजों से सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले छात्रों का चयन किया जाएगा।
29 नवंबर को होने वाला यह समारोह, डॉ. भूपेन हजारिका और संगीत, संस्कृति तथा समाज में उनके अमूल्य योगदान के सम्मान में आयोजित शताब्दी समारोहों का समापन कार्यक्रम होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

