असम सरकार ने मंत्रियों को सौंपे ‘गार्जियन डिस्ट्रिक्ट’
गुवाहाटी, 07 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य सरकार के मंत्रियों के बीच ‘गार्जियन डिस्ट्रिक्ट’ का आवंटन घोषित किया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य जिला प्रशासन और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को और अधिक गति देना है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा साझा सोशल मीडिया संदेश में घोषित सूची के अनुसार रामेश्वर तेली को तिनसुकिया और जोरहाट, अतुल बोरा को कामरूप (मेट्रो) और धेमाजी तथा चरण बोरो को कोकराझाड़, बाक्सा और चिरांग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजंता नेओग को मोरीगांव और कामरूप, जबकि अश्विनी राय सरकार को बंगाईगांव और बरपेटा का गार्जियन मंत्री बनाया गया है।
इसी तरह, अशोक सिंघल को दरंग और धुबड़ी, बिमल बोरा को शिवसागर और चराइदेव तथा बिस्वजीत दैमारी को नलबाड़ी और शोणितपुर जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। जयंत मल्लबरुवा को तामुलपुर और ग्वालपाड़ा, जबकि कौशिक राय को श्रीभूमि और हैलाकांदी का दायित्व सौंपा गया है।
वहीं, केशव महंत को दक्षिण सालमारा-मानकाचर और उत्तर लखीमपुर, कृष्णेंदु पॉल को डिमा हसाओ और कछार तथा निलीमा देवी को बजाली और उदालगुड़ी जिलों का प्रभार दिया गया है। पीयूष हजारिका को नगांव, होजाई, कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डॉ. रणोज पेगू को बिश्वनाथ और गोलाघाट तथा सुशांत बोरगोहाईं को माजुली और डिब्रूगढ़ जिलों का गार्जियन मंत्री बनाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मंत्री जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे और राज्य में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल असम को प्रगति और समृद्धि की दिशा में और तेज गति से आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

