गोरेश्वर के महरिपारा में डंपर-बाइक की टक्कर में युवक की हुई मौत
बाक्सा (असम), 26 नवंबर (हि.स.)। बाक्सा जिले के गोरेश्वर अंतर्गत महरिपारा में बीती रात भीषण सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महरिपारा निवासी गुंजन डेका के रूप में हुई है। हादसा एक तेज रफ्तार डंपर और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डंपर (एएस-01एमसी-2847) तेज रफ्तार से नावकाटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान महरिपारा से गोरेश्वर की ओर आ रही बाइक (एएएस-13एल-6684) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गुंजन डेका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने घायल दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को तत्काल गोरेश्वर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गोरेश्वर पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

