जीएमसीएच में मरीजों के परिजनों के लिए बनेगा छह मंजिला विश्राम गृह, 666 बेड की होगी व्यवस्था
-मरीजों को प्यार, सहानुभूति और सम्मान के साथ इलाज देना चिकित्सा सेवा का अभिन्न हिस्सा : स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। मरीजों के इलाज के साथ उनके परिजनों की सुविधा और मानसिक सुकून को ध्यान में रखते हुए असम सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक मानवकेंद्रित बनाने की दिशा में पहल की है। इसी क्रम में मंगलवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) परिसर में मरीजों के परिजनों के लिए बनने वाले विश्राम गृह का शिलान्यास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने किया।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल दवा, ऑपरेशन और आधुनिक उपचार पद्धतियों तक सीमित नहीं है। मरीजों के साथ प्रेम, सहानुभूति, आश्वासन और सम्मान का व्यवहार भी चिकित्सा सेवा का अभिन्न हिस्सा है। मरीजों का मनोबल बढ़ाने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का मानवीय व्यवहार महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों से इलाज कराने आने वाले मरीजों के परिजनों को अस्पताल में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। प्रस्तावित विश्राम गृह से उनकी इस परेशानी को कम करने के साथ उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
राज्य के अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जुलाई में अस्पतालों में संक्रमण दर करीब 21 प्रतिशत थी, जिसे स्वास्थ्य विभाग की विशेष पहल और डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों से अक्टूबर में घटाकर आठ प्रतिशत तक लाया गया है। दिसंबर के अंत तक इसे चार प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को नए संक्रमण से सुरक्षित रखना स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए संक्रमण रोकथाम से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन जरूरी है।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। अगले वर्ष से राज्य के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा व्यवस्था शुरू करने की योजना है। इसके तहत चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के अनुपालन और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में पर्याप्त निवेश किया है और राज्य में कुशल डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि हुई है। हर वर्ष करीब 1,250 नए डॉक्टर राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली से जुड़ रहे हैं। अगले दो वर्षों में उप-स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर भी डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना है।
मंत्री ने काजीरंगा में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में घायलों के उपचार में डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की समर्पित सेवा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के समय पर उपचार, समर्पण और मानवीय प्रयासों से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
उल्लेखनीय है कि जीएमसीएच परिसर में बनने वाला यह विश्राम गृह राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। असम के विभिन्न हिस्सों के अलावा पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों से बेहतर इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों और देखभालकर्ताओं को यहां किफायती दरों पर सुरक्षित एवं स्वच्छ आवास की सुविधा मिलेगी।
करीब 3,000 वर्गमीटर भूमि पर बनने वाला यह भवन छह मंजिला होगा, जिसमें कुल 666 बेड की व्यवस्था की जाएगी। यहां पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग सोने की व्यवस्था, पृथक कमरे, एक साथ करीब 224 लोगों के बैठकर भोजन करने की क्षमता वाला हॉल और किफायती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक रसोई बनाई जाएगी।
इसके अलावा कपड़े धोने और सुखाने, सामान सुरक्षित रखने, शुद्ध पेयजल, बैठने एवं प्रतीक्षा करने के लिए हवादार स्थान, पुस्तकालय, प्रार्थना कक्ष, बच्चों के खेलने की जगह और सूचना सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। परिसर में 24 घंटे सुरक्षा और सहायता की सुविधा भी रहेगी।
इस विश्राम गृह का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों को आवास की कमी के कारण अस्पताल परिसर, गलियारों या खुले आसमान के नीचे रात बिताने के लिए मजबूर न होना पड़े।
कार्यक्रम में असम सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त-सचिव डॉ. सिद्धार्थ सिंह, गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य सह मुख्य अधीक्षक डॉ. बाबुल बेजबरुवा, अधीक्षक डॉ. देवजीत चौधुरी सहित वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा विद्यार्थी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

