प्रेमिका काे 17 बार चाकू से गोदकर की हत्या, 12 घंटे में आराेपित गिरफ्तार
गुवाहाटी, 06 जून, (हि.स.)। गुवाहाटी के समीप डिमोरिया क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक युवती की निर्मम हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवती की 17 बार चाकू घोंपकर हत्या की गई थी।
खेत्री पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के अनुसार, 4 जून की शाम करीब 7 बजे औजारी गांव के गांवबूढ़ा ने डिमोरिया के एक खेत में युवती का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान सुष्मिता मंडल के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि डिमोरिया निवासी विपुल मल्लिक ने युवती को डिमोरिया बुलाया था। आरोप है कि उसने धारदार हथियार से युवती पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और गुवाहाटी से विपुल मल्लिक को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने बताया कि विपुल मल्लिक पहले भी एक बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो)
मामले में जेल जा चुका था और इसी वर्ष फरवरी में रिहा हुआ था। फिलहाल, पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

