home page

गौहाटी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय संस्कृत दिवस महोत्सव आयोजित

 | 
गौहाटी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय संस्कृत दिवस महोत्सव आयोजित


गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। गौहाटी विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग ने आचार्य उमाकांत देव शर्मा फाउंडेशन और बीएपीएस स्वामीनारायण रिसर्च इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय संस्कृत दिवस महोत्सव का सफल आयोजन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति से हुई। कार्यक्रम का संचालन विभाग की शोधार्थी हियाश्री राय ने किया।

संस्कृत विभाग के प्रमुख प्रो. कामेश्वर शुक्ला ने स्वागत भाषण में श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले विश्व संस्कृत दिवस और संस्कृत सप्ताह के इतिहास तथा इससे जुड़ी परंपराओं पर प्रकाश डाला।

महोत्सव के दौरान राज्यस्तरीय संस्कृत श्लोकवृत्ति और संस्कृत भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के साथ कॉलेज, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने भाग लिया। विजेताओं को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र, पारंपरिक उत्तरीय और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आचार्य उमाकांत देव शर्मा फाउंडेशन, गुवाहाटी की ओर से अखिल भारतीय साहित्य परिषद की अध्यक्ष मृणालिनी देवी को ‘वाणी विभूति’ सम्मान तथा बरपेटा सत्र के बूढ़ा सत्राधिकारी डॉ. बाबुल चंद्र दास को ‘वैष्णव वैभव’ सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह को डॉ. बाबुल चंद्र दास, मृणालिनी देवी, असम विधानसभा के सचिव राजीव भट्टाचार्य और आचार्य उमाकांत देव शर्मा फाउंडेशन के सचिव ज्योतिर्मय शर्मा ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का समापन गौहाटी विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के प्रोफेसर डॉ. जगदीश शर्मा द्वारा धन्यवाद् ज्ञापन के साथ हुआ।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश