home page

पवित्र मार्घेरिटा नहीं, जोरहाट में गौरव गोगोई के खिलाफ स्थानीय उम्मीदवार उतारेगी पार्टी : मुख्यमंत्री

 | 
पवित्र मार्घेरिटा नहीं, जोरहाट में गौरव गोगोई के खिलाफ स्थानीय उम्मीदवार उतारेगी पार्टी : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 06 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ पार्टी किसी स्थानीय उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा इस सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। मुख्यमंत्री आज डिब्रूगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पार्टी नेतृत्व जोरहाट से ही किसी ऐसे नेता को उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रहा है, जो क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को भलीभांति समझता हो। उन्होंने कहा कि स्थानीय चेहरे को प्राथमिकता देने की रणनीति पर चर्चा चल रही है।

डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने पवित्र मार्घेरिटा के जोरहाट से चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर कई स्थानीय नेताओं के नामों पर विचार-विमर्श जारी है और जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी विश्वास जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) इस सीट पर मजबूत मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े उम्मीदवार को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश