डरे हुए हैं गौरव गोगोई, कांग्रेस का आरोप ‘कॉमेडी शो’: असम भाजपा
गुवाहाटी, 05 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद गौरव गोगोई के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज एक “कॉमेडी शो” करार दिया।
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह तथाकथित कॉमेडी शो न सिर्फ खोखला है, बल्कि बेहद निम्न स्तर का भी है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों के जरिए असम की जनता का मनोरंजन करती रहे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस समय असम का सबसे भयभीत राजनेता अगर कोई है तो वह स्वयं गौरव गोगोई हैं। उन्होंने दावा किया कि जब से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने 8 फरवरी को गोगोई के कथित पाकिस्तान संबंधों से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की बात कही है, तब से गोगोई डर के मारे चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं।
कमल कुमार मेधी ने आरोप लगाया कि अत्यधिक भय और घबराहट के कारण गोगोई अनर्गल बयान दे रहे हैं और खुद नहीं समझ पा रहे कि वे क्या कह और कर रहे हैं। किसी और रास्ते के अभाव में उन्होंने मुख्यमंत्री को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई मुख्यमंत्री की छवि को धूमिल करने के लिए बेबुनियाद और काल्पनिक आरोप गढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम में करीब 1.6 लाख युवाओं को बिना एक रुपये रिश्वत दिए सरकारी नौकरियां मिली हैं। आज ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर विभिन्न लाभकारी योजनाओं की राशि तक, नागरिकों को एक क्लिक में ऑनलाइन सेवाएं मिल रही हैं, वह भी बिना किसी अनियमितता या भ्रष्टाचार के। मेधी ने कहा कि “असम का कोई भी व्यक्ति यह विश्वास नहीं करेगा कि ऐसे मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हो सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि जिस समय समाज के हर वर्ग के लोग कांग्रेस शासनकाल के व्यापक भ्रष्टाचार और कुप्रशासन को समाप्त कर एक पारदर्शी और स्वच्छ प्रशासन स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा कर रहे हैं, उसी समय भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस उन्हें भ्रष्ट बताने की कोशिश कर रही है। असम की जनता इस प्रयास को एक निम्न स्तरीय राजनीतिक तमाशे के रूप में देख रही है।
मुख्यमंत्री द्वारा आरोपों को खारिज कर न्यायालय जाने की बात कहे जाने के बाद गौरव गोगोई की प्रतिक्रिया पर टिप्पणी करते हुए मेधी ने कहा कि डर के कारण गोगोई ने तुरंत सुर बदल लिया और तथाकथित “जनता की अदालत” की बात करने लगे। उन्होंने कहा कि जनता की अदालत में भाजपा और डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बार-बार विजयी हुए हैं और हर चुनाव में जनता ने भाजपा के पक्ष में फैसला सुनाया है। आगामी विधानसभा चुनावों में भी जनता की अदालत ही तय करेगी कि कौन असम के स्वदेशी और भारतीय मूल के नागरिकों के साथ खड़ा है और कौन अवैध मियां मुसलमानों के पक्ष में।
भाजपा प्रवक्ता कमल कुमार मेधी ने दावा किया कि जब कथित पाकिस्तान संबंधों का मामला जनता की अदालत में जाएगा, तो गौरव गोगोई के पास असम की जनता से मुंह छुपाकर भागने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

