home page

असम चुनाव में गौरव गोगोई ने हार स्वीकारी

 | 
असम चुनाव में गौरव गोगोई ने हार स्वीकारी


गुवाहाटी, 04 मई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस पार्टी (एपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई ने आज घोषित असम विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने एक आधिकारिक बयान में कहा कि वे राज्य की जनता के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। साथ ही उन सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के प्रत्याशियों पर अपना विश्वास जताया।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक पोस्ट में गौरव गोगोई ने कहा कि इस चुनाव में जीते हुए हर प्रत्याशी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उम्मीद है, वे लोगों की आशाओं-आकांशाओं को पूरा करेंगे और प्रदेश की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए लगन से काम करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हार के अनुभव से सीख कर आने वाले दिनों में आत्म विश्लेषण करके टीम को मजबूत बनाएंगे तथा अधिक दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा में जुटेंगे। जोरहाट के लोगों ने जो फैसला दिया है, मैंने स्वीकार कर लिया है। जनादेश के अनुसार हम एक जिम्मेदार विपक्षी दल के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। हम सरकार के अच्छे कार्यों में सहयोग करेंगे और सरकार की जनविरोधी नीतियों का हमेशा विरोध करेंगे।

गोगोई ने कहा कि असम के विभिन्न हिस्सों के लोगों द्वारा पिछले कुछ महीनों में दिए गए सच्चे प्यार, स्नेह और आशीर्वाद के लिए हम सभी को दिल से धन्यवाद और गहरा आभार व्यक्त करते हैं। आपका अटल विश्वास, समर्थन और प्रोत्साहन ही हमारी आगे बढ़ने की ताकत है। इसके साथ ही इस चुनाव में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बनकर पार्टी के लिए लगन से काम करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को हम तहे दिल से धन्यवाद और गहरा आभार व्यक्त करते हैं। आपका अथक परिश्रम, त्याग और दृढ़ विश्वास ही हमारी शक्ति की मूल नींव है। कठिन परिस्थितियों के बीच आपने जो धैर्य, एकता और दृढ़ता दिखाई, वह हमारे लिए हमेशा प्रेरणा और साहस रहेगा। आने वाले दिनों में आप सभी का आशीर्वाद, सहयोग और समर्थन प्राप्त होने की आशा है।

उन्होंने अंत में कहा कि असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में मैंने इस हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की है, लेकिन आदर्शों की इस लड़ाई में हम सदैव अटल रहेंगे और लोगों के हित, अधिकारों और मर्यादा की लड़ाई जारी रखेंगे। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जो जिम्मेदारी निभाने की इजाजत देता है अगली बार मैं उसे निभाने के लिए तैयार हूं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय