home page

गुवाहाटी विश्वविद्यालय में 13वें प्लानर 2026 सम्मेलन का राज्यपाल ने किया उद्घाटन

 | 
गुवाहाटी विश्वविद्यालय में 13वें प्लानर 2026 सम्मेलन का राज्यपाल ने किया उद्घाटन


गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने बुधवार को गुवाहाटी विश्वविद्यालय में 13वें प्लानर 2026 सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने समावेशी और टिकाऊ ज्ञान व्यवस्था के निर्माण के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। इन्फ्लिबनेट केंद्र और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन का विषय 'सशक्त ज्ञान व्यवस्था : सहयोगात्मक, समावेशी और टिकाऊ पुस्तकालय' रखा गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पुस्तकालय एक जीवंत, समावेशी और ज्ञान आधारित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ज्ञान व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सूचना एवं शोध संसाधनों तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और पुस्तकालयों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग और डिजिटल पुस्तकालय मंचों जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों की क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से शोध, नवाचार और ज्ञान के प्रसार को नई गति मिल सकती है।

आचार्य ने पुस्तकालयों को बौद्धिक, साहित्यिक और सभ्यतागत विरासत का महत्वपूर्ण भंडार बताते हुए असम की समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक धरोहर के संरक्षण और डिजिटलीकरण पर जोर दिया। उन्होंने महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और श्रीश्री माधवदेव की अमूल्य रचनाओं, सत्रों और नामघरों की परंपराओं, ऐतिहासिक साहित्य तथा स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों के संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और ज्ञान भारतम मिशन का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने ज्ञान प्रबंधन में प्रौद्योगिकी के विवेकपूर्ण उपयोग के साथ युवाओं में पढ़ने की आदत और बौद्धिक जिज्ञासा विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में होने वाले विचार-विमर्श से पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण और विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ननी गोपाल महंत, इन्फ्लिबनेट केंद्र की निदेशक प्रो. देविका पी. मदल्ली, सम्मेलन निदेशक प्रो. मोसेस एम. नागा, आयोजन सचिव प्रो. संजय कुमार सिंह सहित कई शिक्षाविद, शोधकर्ता और विद्वान उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश