home page

जंगली हाथी को भगाने के लिए चलाई गयी पंप गन से वन कर्मी समेत पांच व्यक्ति घायल

 | 

होजाई (असम), 17 नवंबर (हि.स.)। होजाई जिलांतर्गत दिघलबारी में वन विभाग द्वारा जंगली हाथी को भगाने के लिए चलाए गये पंप गन के कारतूस से वन विभाग के दो कर्मी एवं तीन ग्रामीण घायल हो गये। सभी घायलों को होजाई के हाम अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

वन विभाग के एक अधिकारी ने आज बताया है कि बीते सोमवार की दोपहर से इलाके में एक जंगली हाथी विचरण कर रहा था। जिसे जंगल में भगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच बीती देर रात अंधेरे में फिर से हाथी रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मी हाथी को खदेड़ने के लिए प्रयास कर रहे थे। मौके पर वन विभाग के कर्मियों के साथ ही काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। वन कर्मी द्वारा पंप गन से रबर बुलेट फायर किया गया, जिसके चलते दो वन कर्मी एवं कुछ ग्रामीण घायल हो गये।

घायलों की पहचान वन कर्मी राजीव सिंह, राजिकुल इस्लाम एवं ग्रामीण फयजुल रहमान, राजुल हुसैन, करउद्दीन इस्लाम के रूप में की गयी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फायरिंग करने से पहले वन विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं दी गयी। जिसके चलते यह घटना घटी है। लोगों का कहना है कि वन विभाग ने जानबूझकर फायरिंग की है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय