home page

बंदरों का बंध्याकरण कराएगी सरकार: वन मंत्री

 | 
बंदरों का बंध्याकरण कराएगी सरकार: वन मंत्री


- हाथी-मानव संघर्ष रोकने के लिए सरकार की पहल, मृतकों के परिजनों को अब छह लाख मुआवजा

गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। असम के वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को नियंत्रित करने के लिए बंदरों के बंध्याकरण को लेकर विशेष कदम उठाए जा रहे हैं ताकि बंदरों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हाथी-मानव संघर्ष को कम करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वनीकरण किया जाएगा। मंत्री बुधवार को विधानसभा सत्र में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर विधायकों के साथ बैठक कर दीर्घकालिक समाधान पर चर्चा की गई है। मंत्री ने कहा कि हाथियों के हमले में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर पहले परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाती थी, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के निर्देश पर बढ़ाकर छह लाख रुपये कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अब संबंधित जिला आयुक्त 72 घंटे के भीतर मुआवजे की राशि जारी करेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश