किसी भी वक्त बाढ़ की चपेट में आ सकता है शिवसागर जिला शहर
शिवसागर (असम), 22 जुलाई (हि.स.)। ऐतिहासिक शिवसागर जिला शहर में वर्तमान समय में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर रूप ले चुकी है। बढ़ते पानी की तेज धारा और जलमग्नता ने शहर की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह से ठप कर दी है। ऐतिहासिक दरिका नदी के खतरनाक रूप होने की वजह से शहर का व्यापक हिस्से में पानी भर गया है, जिसके चलते किसी भी समय पूरे शिवसागर शहर में पानी भरने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
ज्ञात हो कि शिवसागर शहर के मुख्य सड़क मार्ग अब काफी हद तक नदी का रूप ले चुका है। शिवसागर के ऐतिहासिक शिवदौल (शिव मंदिर) के सामने वाला व्यस्त दौलमुख चौराहा और जेंगनिकटिया चौराहा पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं। इसके अलावा बाढ़ की वजह से शहर के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक स्थान भी डूब चुके हैं। यहां तक कि पुलिस अधीक्षक का कार्यालय और कई सरकारी कार्यालय भी पानी में डूब गए हैं।
उल्लेखनीय है कि, दरिका नदी का तेज बहाव विनाशकारी रूप ले चुका है और शहर के लिए गंभीर खतरे पैदा कर रहा है। पानी की जबरदस्त धारा के कारण ऐतिहासिक शहर का अधिकांश हिस्सों में पानी भर सकता है। स्थिति अत्यंत चिंताजनक होने के कारण जिला प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए बचाव अभियान चला रहे हैं। लोगों को बहुत सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

