home page

असम में बाढ़ का रेल यातायात पर बड़ा असर, सिमालुगुरी सेक्शन में ट्रेनों का परिचालन ठप, कई ट्रेनें डायवर्ट व रद्द

 | 
असम में बाढ़ का रेल यातायात पर बड़ा असर, सिमालुगुरी सेक्शन में ट्रेनों का परिचालन ठप, कई ट्रेनें डायवर्ट व रद्द


-दिखौ नदी के उफान से रेलवे ट्रैक और स्टेशन यार्ड जलमग्न, यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, बस और विशेष ट्रेन की व्यवस्था

गुवाहाटी, 20 जुलाई (हि.स.)। ऊपरी असम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। शिवसागर जिले में बहने वाली दिखौ नदी के उफान पर आने से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के तिनसुकिया मंडल के अंतर्गत सिमालुगुरी (एसएलजीआर) और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जलभराव हो गया है। बाढ़ का पानी रेलवे स्टेशन यार्ड, रेल पटरियों, रेलवे कॉलोनी तथा आसपास के इलाकों में भर जाने के कारण कई स्थानों पर ट्रैक पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। कुछ हिस्सों में रेलवे लाइन के ऊपर से भी पानी बह रहा है, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने सोमवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिमालुगुरी–नामटियाली तथा सिमालुगुरी–सेलेनघाट रेलखंडों के बीच ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीमें लगातार ट्रैक की निगरानी कर रही हैं और जलस्तर कम होने के बाद ही परिचालन बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, इस व्यवधान के कारण डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया से चलने वाली अथवा वहां पहुंचने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। अधिकांश ट्रेनों को रंगिया–रंगापारा उत्तर–उत्तर लखीमपुर–डिब्रूगढ़ मार्ग से चलाया जा रहा है। वहीं कई स्थानीय और इंटरसिटी ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोककर (शॉर्ट टर्मिनेट) अथवा दूसरे स्टेशन से प्रारंभ (शॉर्ट ओरिजिनेट) किया जा रहा है।

रेलवे ने जिन प्रमुख ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है, उनमें 12423 डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 20503 डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 22504 डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस, 15903 डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 15909 डिब्रूगढ़–लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस, 15945 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस तथा 22503 कन्याकुमारी–डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।

रेलवे ने कई ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक जाने से पहले ही रोक दिया है। इनमें 13281 डिब्रूगढ़–राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, 15670 डिब्रूगढ़–गुवाहाटी नगालैंड एक्सप्रेस, 15959 हावड़ा–डिब्रूगढ़ कामरूप एक्सप्रेस, 15934 अमृतसर–न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस, 13282 राजेंद्र नगर–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 20504 नई दिल्ली–डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, 15669 गुवाहाटी–डिब्रूगढ़ नगालैंड एक्सप्रेस, 12424 नई दिल्ली–डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस तथा 15910 लालगढ़–डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इन ट्रेनों के प्रभावित रेलखंडों में परिचालन अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने कई पैसेंजर, डीईएमयू और इंटरसिटी ट्रेनों का परिचालन भी रद्द कर दिया है। इनमें तिनसुकिया–जोरहाट टाउन पैसेंजर, तिनसुकिया–लुमडिंग डीईएमयू, लिडो–गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस, लिडो–रंगिया इंटरसिटी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़–सिमालुगुरी पैसेंजर, जोरहाट टाउन–तिनसुकिया पैसेंजर, लुमडिंग–तिनसुकिया डीईएमयू, रंगिया–न्यू तिनसुकिया इंटरसिटी एक्सप्रेस, सिमालुगुरी–डिब्रूगढ़ पैसेंजर तथा गुवाहाटी–लिडो इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित यात्रियों को निःशुल्क भोजन के पैकेट, पीने का पानी तथा टिकट रिफंड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

रेलवे ने नामटियाली से शिवसागर टाउन स्टेशन तक यात्रियों को पहुंचाने के लिए असम राज्य परिवहन निगम (एएसटीसी) की बसों और स्थानीय वाहनों की व्यवस्था की है। इसके अलावा शिवसागर टाउन से डिब्रूगढ़ और न्यू तिनसुकिया के लिए विशेष ट्रेन चलाने की योजना भी बनाई गई है, ताकि यात्रियों को आगे की यात्रा में सुविधा मिल सके।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 22503 कन्याकुमारी–डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस से सेलेनघाट में उतरे 217 यात्रियों को सड़क मार्ग से मरियानी पहुंचाया जा रहा है। वहीं 15959 कामरूप एक्सप्रेस के 570 यात्रियों तथा 15934 अमृतसर–न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस के 490 यात्रियों की सहायता के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर सामान्य होने के बाद चरणबद्ध तरीके से रेल सेवाएं बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय