असम : टियोक में फिर से आई बाढ़ में 150 परिवार प्रभावित
जोरहाट (असम), 05 अगस्त (हि.स.)। उपरी असम में आई बाढ़ का प्रभाव अभी भी पूरी तरह से कायम है, इस बीच जोरहाट जिले के टियोक में फिर से आई बाढ़ में 150 परिवार बुरी तरह से प्रभावित हो गये।
टियोक के काकजान इलाके में आई बाढ़ से आम लोग ही प्रभावित नहीं हुए हैं, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाढ़ के पानी में डूब गया है। बीती रात काकजान नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि के चलते इलाके में बाढ़ आ गयी, इससे लगभग 150 परिवार बाढ़ की चपेट में आ गए। प्रभावित लोगों को फिर से ऊंचाई वाले इलाकों में आश्रय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
प्रभावितों लोग वर्तमान समय में आतंकित हो उठे हैं। लोगों का कहना है कि किसी तरह से बाढ़ का पानी उतरने के बाद घर-बार की साफ-सफाई तक घर में रहने की तैयारी करना शुरू किया ही था, कि पुनः बाढ़ का पानी घर में प्रवेश कर गया।
प्रभावितों का कहना है कि पहली बार आई बाढ़ में उन्होंने अपना सबकुछ खो दिया है, यदि फिर से पानी का स्तर बढ़ता है तो इस बार उनका सब कुछ तबाह हो जाएगा। जानकारी के अनुसार, काकजान नदी के तटबंध टूटने और फोरलेन सड़क के निर्माण में विसंगति के कारण ही बार-बार इलाके में बाढ़ की समस्या उत्पन्न हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

