home page

असम में बाढ़ से अब तक मृतकों की संख्या हुई चार, छह जिलों के 37,000 से ज़्यादा लोग प्रभावित

 | 
असम में बाढ़ से अब तक मृतकों की संख्या हुई चार, छह जिलों के 37,000 से ज़्यादा लोग प्रभावित


गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, 15 जुलाई तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है, जबकि प्रभावित लोगों की संख्या लगभग चार गुना बढ़कर 37,032 पहुंच गई है।

बाढ़ से मौत का ताज़ा मामला शोणितपुर ज़िले के चारीद्वार रेवेन्यू सर्कल से सामने आया है। एएसडीएमए के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति 13 जुलाई की रात को लापता हो गया था और उसका शव 14 जुलाई को बरामद किया गया।

ताज़ा आंकड़े बताते हैं कि प्रभावित लोगों की संख्या में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि बाढ़ का पानी राज्य के कई हिस्सों में फैल रहा है। अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

बाढ़ प्रभावित शोणितपुर, डिब्रूगढ़, लखीमपुर, धेमाजी, जोरहाट और शिवसागर जिलों के 12 रेवेन्यू सर्किल के 99 गांव शामिल हैं। वहीं बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 37032 है। जबकि, 1103.943 हेक्टेयर फसल पानी में डूब गयी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की ओर से कुल 20 राहत वितरण केंद्र खोले गये हैं। राहत वितरण केंद्रों के जरिए कुल 6984 निवासियों में राहत सामग्रियों का वितरण किया गया है।

बाढ़ के चलते एक कच्चा मकान पूरी तरह से नष्ट हो गया है, जबकि आंशिक रूप से 72 कच्चा मकानों को नुकसान हुआ है। वहीं शोणितपुर में एसडीआरएफ ने बाढ़ में फंसे 16 लोगों को 2 नावों के जरिए सुरक्षित इलाकों में पहुंचाया गया है। वहीं बाढ़ प्रभावित शोणितपुर में एक और लखीमपुर में 2 चिकित्सा टीमों को तैनात किया गया है। चार क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को नुकसान हुआ है, जिसमें सड़कें शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय