home page

असम : बाढ़ से शिवसागर में सबसे अधिक घरों को भी पहुंचा नुकसान

 | 
असम : बाढ़ से शिवसागर में सबसे अधिक घरों को भी पहुंचा नुकसान


गुवाहाटी, 24 अगस्त (हि.स.)। असम में बाढ़ से सामान्य होते हालात के बीच नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक नुकसान शिवसागर जिले में देखने को मिल रहा है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से रविवार को एक दिन में दर्ज किये गये आंकड़ों के अनुसार शिवसागर जिले में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कच्चे-पक्के मकानों की संख्या 384 एवं आंशिक रूप से कच्चे-पक्के क्षतिग्रस्त मकानों की संख्या 831 दर्ज की गयी है। प्रतिदिन नुकसान के आंकड़े एकत्र किये जा रहे हैं। राज्य सरकार जल्द ही प्रभावितों को नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया है। इस बीच प्रभावित लोग अपने आवास एवं खेती को फिर से पटरी पर लाने के लिए कड़ी मेहनत में जुटे हुए हैं।

एएसडीएमए की ओर से जारी बीते 23 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रहीं है। इस बार के बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 106 तक दर्ज की गयी है।

वर्तमान समय में बाढ़ की स्थिति कुल 5 जिलों में बनी हुई है। प्रभावित जिलों में कछार, शिवसागर, गोलाघाट, नगांव एवं जोरहाट शामिल हैं। बाढ़ से 5 जिलों के 10 राजस्व मंडलों के कुल 98 गांव प्रभावित हैं। वर्तमान समय में राज्य की कुल 15875 आबादी अभी भी प्रभावित हैं एवं 3212.93 हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूबी हुई है।

राज्य सरकार ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अभी भी कुल 5 राहत शिविर क्रियान्वित रखे हैं। राहत शिविरों में 162 लोग आश्रय लिए हुए हैं। राज्य में बाढ़ से अब तक मरने वालों की संख्या 106 दर्ज की गयी है। रविवार को बाढ़ से प्रभावित जानवरों की कुल संख्या 8383 दर्ज हुई है। जिसमें बड़े 3865, छोटे 2384 एवं मुर्गी-पालन 2134 दर्ज हुए हैं।

23 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार बाढ़ के पानी में शिवसागर जिले में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों की कुल संख्या 219 एवं शिवसागर जिले में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त पक्के मकानों की कुल संख्या 165 बतायी गयी है। जबकि, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त शिवसागर जिले में कच्चे मकानों की संख्या 355 दर्ज हुई है। वहीं आंशिक रूप से शिवसागर जिले में क्षतिग्रस्त पक्के मकानों की कुल संख्या 476 है। क्षतिग्रस्त अन्य झोपड़ियों की कुल संख्या शिवसागर जिले 32 है। वहीं क्षतिग्रस्त अन्य मवेशी शेड की शिवसागर जिले में कुल संख्या 191 है।

बाढ़ में राहत एवं बचाय अभियान के बीच बाढ़ प्रभावित इलाके में रविवार को राज्य सरकार की ओर 18 मेडिकल टीम को तैनात किया गया।

राज्य सरकार के द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाकों में हुए बड़े पैमाने पर सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत ढांचे के नुकसान का लगातार आकलन किया जा रहा है। साथ ही प्रभावितों की मदद के लिए आर्थिक एवं अन्य सामग्री भी मुहैया कराए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय