home page

असम बाढ़ राहत के लिए ओएनजीसी देगा 25 करोड़ रुपये

 | 
असम बाढ़ राहत के लिए ओएनजीसी देगा 25 करोड़ रुपये


गुवाहाटी, 13 अगस्त (हि.स.)। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के चेयरमैन एवं सीईओ अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात की। इस दौरान ऊपरी असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों के राहत, पुनर्वास और बुनियादी ढांचे की बहाली को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में ओएनजीसी ने असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 25 करोड़ की सहायता राशि देने की प्रतिबद्धता जताई। इस राशि में से 5 करोड़ मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए जाएंगे। वहीं, 20 करोड़ बाढ़ से क्षतिग्रस्त 700 से अधिक स्कूलों के पुनर्निर्माण पर खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ओएनजीसी के लगातार सहयोग की सराहना की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने और जरूरी बुनियादी ढांचे को जल्द बहाल करने के लिए त्वरित, समन्वित और जन-केंद्रित कदम उठाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बैठक और ओएनजीसी की सहायता की जानकारी साझा की।

ओएनजीसी की इस सहायता से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के साथ-साथ प्रभावित समुदायों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण प्रयासों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश