home page

बाढ़ प्रभावित सेक्शनों में बहाली का कामजोरों पर

 | 
बाढ़ प्रभावित सेक्शनों में बहाली का कामजोरों पर


गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। डिखो नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के तिनसुकिया मंडल के अधीन शिवसागर ज़िला अंतर्गत शिमलगुड़ी टाउन स्टेशन और आस-पास के क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। पानी के बहाव से शिमलगुड़ी स्टेशन यार्ड और रेल कॉलोनी के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं और प्रभावित सेक्शनों में रेल पटरियों के ऊपर से भी पानी बह रहा है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बुधवार काे बताया कि चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद, तिनसुकिया मंडल ने ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए 24x7 निगरानी के साथ व्यापक पैमाने पर बहाली कार्य शुरू किया है। मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारियों की अगुवाई में इंजीनियरिंग टीमें बाढ़ के पानी के असर से निपटने और ट्रेन सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर निरंतर कार्य कर रही हैं।

सेलेंगहाट-आमगुड़ी सेक्शन में अभी मरम्मत और बहाली का कार्य ज़ोरों पर चल रहा है। यहां मरम्मत और बहाली के कार्य में तेज़ी लाने के लिए रेल इंजीनियरों और सुपरवाइज़रों सहित 200 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ये कर्मचारी ट्रैक की बहाली, बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने और प्रभावित स्थलों का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित रूप से पुनः शुरू किया जा सके।

विगत दिनों से शिवसागर टाउन-शिमलगुड़ी सेक्शन में भी मरम्मत का व्यापक पैमाने पर कार्य किया जा रहा है। खराब मौसम के बावजूद रेल कर्मचारी द्वारा किए जा रहे कार्य प्रगति पर है।

पूसीरे के वरिष्ठ अधिकारी बहाली कार्य की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं, जबकि सभी संबंधित विभाग एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं, ताकि ट्रेन सेवाओं में व्यवधान कम से कम हो और जल्द से जल्द हालात सामान्य हो सकें। यात्रियों की सुरक्षा काफी महत्वपूर्ण है और यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश की जा रही है कि बहाली का कार्य कुशल और सुरक्षित तरीके से पूरा हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय