home page

असम : बाढ़ में फंसे यात्रियों के लिए चलाई जा रही अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें

 | 
असम : बाढ़ में फंसे यात्रियों के लिए चलाई जा रही अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें


गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के तिनसुकिया मंडलाधीन शिवसागर जिले के शिमलगुड़ी शहर और आस-पास बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने के कारण, रेल यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए शिमलगुड़ी–नामतिआलि और शिमलगुड़ी–सेलेंगहाट सेक्शनों के बीच ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। इसके परिणामस्वरूप, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया से आने-जाने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनों का रूट परिवर्तन कर उसे वाया रंगिया–रंगापाड़ा नॉर्थ–डिब्रूगढ़ होकर चलाया जा रहा है। कुछ सेवाओं को बीच में ही किसी सुरक्षित स्टेशन पर रोक दिया गया है या फिर वहीं से यात्रा प्रारंभ की गयी है और कुछ ट्रेनों को रद्द भी कर दिया गया है। इन व्यवधानों से प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए, दो अतिरिक्त जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है। इसका विवरण इस प्रकार है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि 22 से 26 जुलाई तक प्रतिदिन तिनसुकिया और भोजो के बीच एक स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू की गयी है। ट्रेन संख्या 05911 (तिनसुकिया – भोजो) स्पेशल तिनसुकिया से 12 बजे रवाना होकर उसी दिन भोजो 14:00 बजे पहुंचती है। वापसी में, ट्रेन संख्या 05912 (भोजो – न्यू तिनसुकिया) स्पेशल भोजो से 15:00 बजे रवाना होकर उसी दिन न्यू तिनसुकिया 16:35 बजे पहुंचती है।

22 से 26 जुलाई तकप्रतिदिन न्यू तिनसुकिया और मोरानहाट के बीच एक अन्य स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू की गयी है। ट्रेन संख्या 05913 (न्यू तिनसुकिया– मोराणहाट) स्पेशल, न्यू तिनसुकिया से 16:45 बजे रवाना होकर उसी दिन मोरानहाट 19:30 बजे पहुंचती है। वापसी में, ट्रेन संख्या 05914 (मोरानहाट – तिनसुकिया) स्पेशल, मोरानहाट से 20:00 बजे रवाना होकर उसी दिन तिनसुकिया 23:00 बजे पहुंचती है।

इन स्पेशल ट्रेनों के अलावा, पूसीरे ने इस रूट पर फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए लामडिंग– मरियानी जंक्शन और रंगिया– मरियानी जंक्शन के बीच पहले ही तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय