home page

असम बाढ़: मृतकों की संख्या पहुंच सकती 75 तक, चार लोग अब भी लापता: मुख्यमंत्री

 | 
असम बाढ़: मृतकों की संख्या पहुंच सकती 75 तक, चार लोग अब भी लापता: मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 26 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या अबतक हालांकि, 66 तक पहुंच चुकी है, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि लापता लोगों की तलाश जारी है और आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़कर 70 से 75 तक पहुंच सकती है। मुख्यमंत्री आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा चुका है। हालांकि, अब भी लगभग 25 हजार परिवार बिजली आपूर्ति से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने एक सप्ताह तक चलने के हिसाब से प्रत्येक परिवार के लिए एक-एक राहत किट तैयार किया है, जिससे राहत सामग्री वितरण में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री लगातार सभी बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश