बाढ़ से क्षतिग्रस्त तटबंधों और कटावग्रस्त क्षेत्रों की युद्धस्तर पर मरम्मत जारी: मुख्यमंत्री सरमा
गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त तटबंधों और नदी कटाव वाले क्षेत्रों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में बताया कि प्रतिकूल परिस्थितियों और बीच-बीच में जलस्तर बढ़ने के बावजूद विभिन्न स्थानों पर जियो ट्यूब, जियो बैग, बांस की पैलिसेडिंग सहित अन्य तकनीकों का उपयोग कर मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जोरहाट जिले सहित कई स्थानों पर उल्लेखनीय प्रगति हुई है। शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी सभी आवश्यक मशीनरी, उपकरण और संसाधनों की तैनाती कर कार्य जारी रखा गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने विश्वास जताया कि नदियों का जलस्तर लगातार घटने से अब मरम्मत कार्य और तेज़ी से आगे बढ़ाया जा सकेगा। सभी प्रभावित स्थानों को जल्द से जल्द पुनर्स्थापित करने के लक्ष्य के साथ संबंधित विभाग पूरी निष्ठा और निरंतरता के साथ कार्य कर रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

