असम के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नाव एम्बुलेंस सेवा शुरू
गुवाहाटी, 03 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को बताया कि राज्य की वर्तमान बाढ़ स्थिति को देखते हुए कोकराझाड़ जिले के नदी तटीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से नाव एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि एनटीपीसी बंगाईगांव की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत कई नाव एम्बुलेंस को सेवा में लगाया गया है। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ के दौरान भी दूरदराज़ के इलाकों में रहने वाले लोगों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि इस सेवा से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। बाढ़ के कारण चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों को कम करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्राकृतिक आपदा के दौरान भी स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों और जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

