home page

बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता : पीयूष हजारिका

 | 
बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता : पीयूष हजारिका


गुवाहाटी, 31 जुलाई (हि.स.)। असम के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने शुक्रवार को शिवसागर जिले के डिमो और नाजिरा विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण और किसानों को सहायता उपलब्ध कराने में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने दिन की शुरुआत डिमो विधानसभा क्षेत्र के 2 नंबर भाटगज गांव में बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए स्थापित सामुदायिक धान पौधशाला (कम्युनिटी पैडी सीडलिंग नर्सरी) के उद्घाटन से की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण धान की पौध उपलब्ध कराकर खेती को जल्द से जल्द सामान्य करना है।

इसके बाद हजारिका ने शिवसागर के संरक्षक मंत्री बिमल बोरा के साथ नाजिरा में समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य, पुनर्वास योजनाओं और कृषि विभाग की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए तत्काल कार्रवाई करने तथा बांस, सीजीआई शीट सहित आवश्यक निर्माण सामग्री समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि नाजिरा विधानसभा क्षेत्र हालिया बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, इसलिए यहां पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्कूलों की सफाई कर जल्द शिक्षण कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

हजारिका ने कृषि विभाग को फसल क्षति के आकलन, धान की पौध उपलब्ध कराने और बाढ़ प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वह अगले एक सप्ताह तक शिवसागर में रहकर पुनर्वास एवं कृषि बहाली कार्यों की निगरानी करेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश