home page

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तटबंधों एवं बांधों की मरम्मत के कार्य में तेजी

 | 
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तटबंधों एवं बांधों की मरम्मत के कार्य में तेजी


गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। असम में आई विनाशकारी बाढ़ के चलते उपरी असम की नदियों के तटबंध एवं बांधों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। तटबंधों एवं बांधों के टूटने की वजह से बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया था, जिसके चलते लाखों लोगों का जीवन-यापन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही प्रशासन जहां राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है, वहीं तटबंध एवं बांधों की अस्थायी तौर पर मरम्मत का कार्य भी तेजी के साथ शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार काे बताया कि तटबंधों की मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बाढ़ के प्रभाव से क्षतिग्रस्त नदी के तटबंध और टूटे बांधों की मरम्मत का काम युद्धकालीन तत्परता के साथ जारी है। प्रतिकूल परिस्थितियों और कभी-कभी पानी के स्तर बढ़ने के बावजूद विभिन्न स्थानों पर जियो ट्यूब, जियो बैग, बांस की पेलिसेडिंग आदि का उपयोग करके मरम्मत का काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जोरहाट के अलग-अलग स्थानों सहित पहले ही कई जगहों पर उल्लेखनीय प्रगति हुई है और बाकी स्थानों पर भी आवश्यक सभी उपकरण और संसाधनों को तैनात कर काम जारी रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि नदी के पानी के स्तर में धीरे-धीरे कमी आने के कारण अब हम काम की गति और तेज कर सकते हैं, ऐसा हमें विश्वास है। क्षतिग्रस्त सभी स्थानों को जल्दी से जल्दी ठीक करने के लक्ष्य के साथ हमारे संबंधित विभाग पूरी निष्ठा के साथ लगातार काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय